उत्तराखंड

बहादराबाद रामलीला में पत्थरबाजी, कलाकारों व दर्शकों को लगी चोटें

रामलीला कमेटी ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। ग्राम बहादराबाद में आयोजित 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान 9 अक्टूबर की रात पत्थरबाजी, गाली-गलौज और हुड़दंग की घटना सामने आई। घटना के बाद श्रीरामलीला कमेटी (रजि.), बहादराबाद ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। समिति के अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने बताया कि 9 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे रामलीला मंचन के दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने शोर-शराबा किया। समिति के सदस्यों ने उन्हें समझाकर वहां से भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वे करीब 25 से 30 अन्य लोगों के साथ वापस आ गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी और मंच की ओर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। रविंद्र चौहान के अनुसार, पत्थरबाजी में मंच पर मौजूद कलाकारों और मैदान में बैठे दर्शकों को चोटें आईं। दर्शकों में महिलाएं भी शामिल थीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। हालांकि, पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण स्थिति को तत्काल नियंत्रित करने में परेशानी हुई।

घटना के चलते रामलीला मंचन कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। समिति अध्यक्ष ने कहा कि श्रीरामलीला क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे कार्यक्रम में पत्थरबाजी और हुड़दंग की घटना गंभीर चिंता का विषय है। आगामी दिनों में रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किया जाना आवश्यक है। समिति ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, आगामी रामलीला मंचन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया है। समिति के अनुसार, 12 अक्टूबर को श्रीराम बारात तथा 19 और 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है। श्रीरामलीला कमेटी ने क्षेत्राधिकारी बहादराबाद और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि वार्षिकोत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button