उत्तराखंड

महाराजा अग्रसेन जयंती पर समाजवाद और एकजुटता का संदेश

हवन-पूजन के बाद हुआ ध्वजारोहण, प्रतिमा का अनावरण कर अग्रसेन के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। कनखल स्थित वैश्य कुमार सभा में रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ हुआ, जिसके बाद ध्वजारोहण किया गया। समारोह में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण कर उनके समाजवाद, समानता, सामाजिक सहयोग और एकजुटता के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि विजय बंसल ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया, जबकि अतुल गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन समाजवाद के प्रवर्तक और प्रणेता थे। उन्होंने अपने राज्य में आने वाले प्रत्येक नए परिवार को बसाने के लिए एक ईंट और एक रुपये के सहयोग की व्यवस्था की थी। इसका उद्देश्य नए परिवारों को घर बनाने और कारोबार शुरू करने में सहायता देना था। यह व्यवस्था सामाजिक सहयोग, समानता और आर्थिक आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट उदाहरण है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष पराग गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने अपनी शासन व्यवस्था में समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कृषि, व्यापार, उद्योग और गौपालन को प्रोत्साहित करने के साथ ही नैतिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को आपसी सहयोग और समानता की प्रेरणा देते हैं।

भाजपा नेता विशाल गर्ग ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सभी लोगों को महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। वहीं, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने राजनीति में समाज के लोगों की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त की। सभा के प्रधान गगन गुप्ता मुन्नू ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रचित अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सभा के पूर्व अध्यक्ष निश्चल गुप्ता, अरविंद अग्रवाल, कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वरिष्ठ नागरिक समिति के अंबरीश रस्तोगी, हरिद्वार वैश्य समाज के अध्यक्ष श्रवण गुप्ता, महामंत्री सुयश अग्रवाल, राजकुमार गुप्ता भोला, राघव मित्तल, अग्रसेन घाट समिति के अध्यक्ष रामबाबू बंसल, उपाध्यक्ष संजय आर्य, ईश्वर चंद गुप्ता, मास्टर प्रेमचंद, सुरेंद्र गुप्ता, विनोद अग्रवाल, लव गुप्ता, उमंग गुप्ता, अनिल गुप्ता, सभा के महामंत्री प्रदीप गुप्ता तथा प्रिंस अग्रवाल और तनु अग्रवाल सहित वैश्य समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button