कनखल महंत हत्याकांड का छठा आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
50 हजार का इनामी प्रदीप छोटा हाथी वाहन से कर रहा था सामान की डिलीवरी

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कनखल के महंत हत्याकांड में फरार चल रहे छठे आरोपी को उत्तराखंड एसटीएफ ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शामली जिले के झिंझाना क्षेत्र के ऊदपुर निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसटीएफ के मुताबिक, वर्ष 2024 में कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में गुरुजी महंत गोविन्द दास के शिष्य विशम्बर दास (73) की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान हत्याकांड में छह आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। मामले में चार आरोपियों को हरिद्वार पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। इसके बाद एसटीएफ ने 20 सितंबर 2026 को एक अन्य आरोपी सौरभ उर्फ नीटू को बागपत से गिरफ्तार किया था। वहीं, छठा आरोपी प्रदीप लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई भी की थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर था।

चंडीगढ़ में डिलीवरी का काम कर रहा था आरोपी
एसटीएफ ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी इनपुट के साथ मैनुअल पुलिसिंग और लगातार पतारसी-सुरागरसी की। इसी दौरान उसके चंडीगढ़ में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पंजाब में छोटा हाथी वाहन से सामान की डिलीवरी का काम कर रहा था और लंबे समय से पुलिस से बच रहा था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ का अभियान लगातार जारी है।



