उत्तराखंड

पत्नी से अनबन पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

रानीपुर के गैस प्लांट के पास मचा हड़कंप, पुलिस-एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में गैस प्लांट के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पत्नी से अनबन के चलते एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी विशाल राम के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस के अनुसार, विशाल राम गुजरात में अपनी पत्नी के साथ रहता था। दोनों के बीच विवाद होने के बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर उत्तर प्रदेश के बड़ौत चली गई थी। बताया गया कि पत्नी से बातचीत करने की जिद में विशाल पहले भी बड़ौत में मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उस दौरान पुलिस ने उसकी पत्नी से फोन पर बात कराई, जिसके बाद वह टावर से नीचे उतर आया था।

विशाल अपनी पत्नी को साथ ले जाना चाहता था, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं हुई। बताया गया कि बाद में विशाल को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रह रही है। इसके बाद वह हरिद्वार पहुंचा और गैस प्लांट के पास मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग की। पुलिस ने उसकी पत्नी से संपर्क करने का प्रयास किया तो जानकारी मिली कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में है।

युवक को सुरक्षित उतारने के प्रयास
रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस लगातार युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास कर रही है, ताकि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।

Related Articles

Back to top button