जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू
पहली बार पूरी जनगणना प्रक्रिया होगी डिजिटल, मोबाइल ऐप से जुटाए जाएंगे आंकड़े

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के सफल संचालन के लिए जनपद हरिद्वार में 12, 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को जनपद के समस्त फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, उत्तराखण्ड, देहरादून के प्रतिनिधियों एवं मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जनगणना चार्जों में नियुक्त किए जाने वाले पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जनगणना-2027 कई दृष्टियों से ऐतिहासिक एवं विशेष होगी, क्योंकि पहली बार संपूर्ण जनगणना प्रक्रिया शत-प्रतिशत डिजिटल माध्यम से संपादित की जाएगी। इस बार जनगणना का कार्य पूर्णतः मोबाइल एप्लिकेशन आधारित होगा। प्रगणक (Enumerator) एवं पर्यवेक्षक (Supervisor) अपने स्वयं के मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन करेंगे। इसके साथ ही, जनगणना की शुरुआत से लेकर अंत तक संपूर्ण संचालन, पर्यवेक्षण एवं प्रबंधन के लिए जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS Portal) का उपयोग किया जाएगा। इस प्रणाली को जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया के संचालन एवं निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के कारण जनगणना का ‘मस्तिष्क’ कहा जा सकता है।

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) का कार्य नवंबर 2026 से किए जाने का प्रस्ताव है। इस कार्य के सफल क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर चार्ज अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। शत-प्रतिशत डिजिटल प्रणाली के लागू होने से आंकड़ों की गुणवत्ता, सटीकता एवं त्वरित संकलन में उल्लेखनीय सुधार होने की अपेक्षा है। इससे जनगणना प्रक्रिया को पूर्ववर्ती जनगणना की तुलना में अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी। जनपद स्तर पर आयोजित इस प्रशिक्षण में मौ० मुस्तफा खान, जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर; उत्तम सिंह, अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी; मीना नेगी, अपर सांख्यिकी अधिकारी; श्री अमीर आलम, नीरज कुमार एवं शिवम कुमार, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-II, जनगणना कार्य निदेशालय, देहरादून सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



