विकसित उत्तराखंड विजन-2047 को लेकर सीडीओ ने अधिकारियों के साथ की बैठक

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। उत्तराखंड को वर्ष 2047 तक विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं खुशहाल राज्य बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा विकसित उत्तराखंड विजन-2047 तैयार किया गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जिला कार्यालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विजन-2047 के तहत विकास योजनाओं एवं भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों में संचालित वर्तमान योजनाओं के साथ भविष्य में प्रस्तावित एवं संभावित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभागीय स्तर पर तैयार किए जा रहे विजन, नई योजनाओं और विकास की संभावनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सभी विभागों को पारंपरिक कार्यप्रणाली से आगे बढ़कर नई सोच, नए विचारों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वर्तमान आवश्यकताओं के साथ भविष्य की चुनौतियों एवं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नवीन और प्रभावी कार्ययोजनाएं तैयार करें। ऐसी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिनसे आमजन के जीवन स्तर में सुधार हो, रोजगार के नए अवसर सृजित हों और जनपद के समग्र विकास को गति मिले। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने के लिए पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाएं बनाना जरूरी है।

प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर संपर्क व्यवस्था, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और नागरिक-केंद्रित सुशासन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ कार्य किया जाना चाहिए। सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने विभागों का विजन और संभावित योजनाएं ठोस कार्ययोजना के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सतीश जोशी, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर डॉ. सरिता नेगी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



