उत्तराखंड

जिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में राधे-राधे अकादमी विजेता

82 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया सम्मानित

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आठवीं हरिद्वार जिला प्रोत्साहन मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी, इमलीखेड़ा में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्रों के 82 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। मिनी, सब-जूनियर, जूनियर, यूथ एवं एलीट वर्ग में आयोजित प्रतियोगिता में राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी ने ओवरऑल विजेता का खिताब हासिल किया। कार्यक्रम में एसोसिएशन की संरक्षक एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी, किसान आयोग के उपाध्यक्ष अजीत चौधरी, भाजपा नेता अमन त्यागी, जिला उपाध्यक्ष विपिन चौधरी, संयुक्त सचिव राकेश चौधरी और सचिव नवीन चौहान ने खिलाड़ियों को पुरस्कार, प्रमाण पत्र, टी-शर्ट एवं ट्रैक सूट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सुनीता चौधरी ने कहा कि मुक्केबाजी जैसे खेलों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से बालिकाओं की खेलों में भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बॉक्सिंग से शारीरिक क्षमता बढ़ने के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता भी विकसित होती है। बालिकाओं को खेलों से जोड़कर सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि मुक्केबाजी शारीरिक विकास, अनुशासन और खेल भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण खेल है। हरिद्वार के कई खिलाड़ियों ने उत्तराखंड एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

एसोसिएशन का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर मिलें। एसोसिएशन के सचिव नवीन चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना और उन्हें जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि 10 से 15 वर्ष तक के खिलाड़ियों को उत्तराखंड सरकार एवं भारत सरकार की विभिन्न खेल और प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि संसाधनों की कमी उनकी प्रतिभा के विकास में बाधा न बने। आयोजन सचिव जयप्रकाश सैनी ने बताया कि राधे-राधे मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्र, इमलीखेड़ा ने स्थापना के महज पांच महीने में ही स्कूली प्रतियोगिताओं एवं अन्य खेल आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अकादमी के खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर हरिद्वार का गौरव बढ़ाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान मुक्केबाजी प्रशिक्षक किशन सिंह महर, आदित्य प्रताप सैनी, दुष्यंत चौधरी, संगीत जोशी एवं अनिकेत को खेल के प्रचार-प्रसार, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने और खेल प्रतिभाओं को निखारने में उनके योगदान के लिए माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक अनिल पाल, अशोक अग्रवाल सहित अन्य सदस्य एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button