त्योहारों के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने ज्वालापुर में किया पैदल भ्रमण

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने ज्वालापुर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार एवं क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर ने वरिष्ठ उपनिरीक्षक ज्वालापुर, रेल बाजार चौकी प्रभारी और पुलिस बल के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए। साथ ही पटाखा व्यापारियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने को कहा गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने, दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने या निर्धारित स्थान के अतिरिक्त पटाखों की दुकान लगाने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस-प्रशासन ने व्यापारियों और आमजन से आगामी त्योहारों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में सहयोग करने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।



