दीपावली से पहले बिजली कटौती पर भड़कीं कांग्रेस नेत्री आयुषी टंडन

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कांग्रेस नेत्री आयुषी टंडन ने दीपावली पर्व नजदीक होने के बावजूद हो रही अघोषित बिजली कटौती पर ऊर्जा निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उन्होंने त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखने और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की। आयुषी टंडन ने कहा कि दिनभर बिजली के कट लगने से व्यापारिक गतिविधियां और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। रानीपुर मोड़, खन्ना नगर, न्यू हरिद्वार, विकास कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारी बिजली कटौती से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद उपभोक्ताओं को नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली गुल रहने से महिलाओं को घरेलू कार्यों में परेशानी हो रही है, वहीं व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।

आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं और बिजली कटौती की सही जानकारी भी उपभोक्ताओं को नहीं दी जा रही है। आयुषी टंडन ने मांग की कि दीपावली के मद्देनजर अघोषित बिजली कटौती पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए, ताकि आम जनता और व्यापारियों को राहत मिल सके।



