उत्तराखंड

देवभूमि परिवार पोर्टल लॉन्च, 2047 तक 28 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ किया और ‘विकसित उत्तराखंड विजन 2047’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों पहल सुशासन को मजबूत करने, पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा। पंजीकरण के बाद प्रत्येक परिवार को विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी मिलेगी। इससे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान आसान होगी तथा नागरिकों को बार-बार दस्तावेज जमा करने और विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। ‘विकसित उत्तराखंड विजन 2047’ के तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये और प्रति व्यक्ति आय को करीब 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। विजन में लगभग 440 संकेतकों के माध्यम से कृषि, पर्यटन, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, कनेक्टिविटी और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना से प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। धार्मिक पर्यटन, औद्योगिक निवेश, स्वरोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजनाएं तैयार करने और योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का विकास प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर किया जाना चाहिए। हिमालय, नदियों, वनों और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button