उत्तराखंड

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के 10 नमूने जांच को भेजे

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपदभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभाग की विभिन्न टीमें मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के निर्देशन में गठित टीमों ने सुल्तानपुर एवं लक्सर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का निरीक्षण किया। उपायुक्त लैब बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेंद्र पांडेय की टीम ने मिठाइयों के सात नमूने जांच के लिए लिए। निरीक्षण के दौरान लक्सर स्थित आजाद स्वीट्स एवं खाटू श्याम स्वीट्स के निर्माण कक्ष में गंदगी पाए जाने तथा खुली मिठाइयों पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने पर नोटिस जारी किए गए। वहीं, लक्ष्मी स्वीट्स पर भी मिठाइयों की आवश्यक तिथियां अंकित नहीं मिलने पर नोटिस दिया गया। सुल्तानपुर की एक मिठाई निर्माण इकाई को मिठाइयों के डिब्बों एवं ट्रे पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम-पता और फूड लाइसेंस नंबर अंकित करने के बाद ही बिक्री एवं सप्लाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मोबाइल खाद्य प्रयोगशाला (एफएसडब्ल्यू) ने मिठाइयों, मसालों, तेल, दूध एवं दुग्ध उत्पादों सहित कुल 78 खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की। इनमें से 13 खाद्य उत्पादों के नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

अधोमानक खाद्य पदार्थों को मौके से हटवाया गया। साथ ही खाटू श्याम स्वीट्स से लगभग पांच किलोग्राम खराब मिठाई भी हटवाई गई। उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। दक्ष रोड, झंडा चौक, कनखल स्थित खन्ना स्वीट हाउस से मिठाई निर्माण में इस्तेमाल होने वाले चांदी के वर्क का नमूना लिया गया। मिठाइयों पर निर्माण तिथि एवं यूज बाई डेट अंकित नहीं मिलने पर प्रतिष्ठान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए गए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चालानी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसके अतिरिक्त दक्ष रोड स्थित शर्मा दुग्ध भंडार से खोया तथा कनखल स्थित वृजवासी स्वीट्स से छैना का नमूना जांच के लिए लिया गया। विभाग के अनुसार, विभिन्न टीमों ने कुल 10 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button