समाजसेविका विनीता गोनियाल ने पेश की मानवता की मिसाल, हार्ट अटैक पीड़ित की बचाई जान

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीआईपी घाट के पास हार्ट अटैक आने से बेसुध पड़े एक व्यक्ति की समाजसेविका विनीता गोनियाल ने समय पर मदद कर जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। जहां सैकड़ों वाहन वहां से गुजर गए, वहीं किसी ने रुककर उसकी सुध नहीं ली। ऐसे में विनीता गोनियाल ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायल व्यक्ति की मदद के लिए पहल की। घटना सोमवार सुबह करीब नौ बजे की है। विनीता गोनियाल की नजर वीआईपी घाट के पास सड़क किनारे बेसुध पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। व्यक्ति के मुंह से झाग निकल रहे थे और उसकी हालत गंभीर थी। यह देखकर वह भीमगोडा तिराहे से अपना वाहन घुमाकर चंडीघाट के रास्ते वापस मौके पर पहुंचीं और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। कुछ देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

स्वास्थ्य कर्मचारियों ने व्यक्ति का प्राथमिक परीक्षण किया और उसे अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बताया कि व्यक्ति को हार्ट अटैक आया था। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे देहरादून स्थित दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल व्यक्ति दून अस्पताल में भर्ती है। विनीता गोनियाल की इस पहल ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। उनकी तत्परता से गंभीर हालत में पड़े व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।



