उत्तराखंड

जनसुनवाई में 30 शिकायतें दर्ज, 18 का मौके पर निस्तारण

लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। इस दौरान अर्जुन निवासी रावली महदूद ने अपनी माता चांदो देवी के मेडिकल बिल ईएसआईसी डिस्पेंसरी गोविंदपुरी में जमा नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, ग्राम गंगदासपुर निवासी मांगे पुत्र छोटे, राजवीर पुत्र छजमल और सोमपाल पुत्र गंगाराम ने बाढ़ प्रभावित होने के कारण ग्राम फेरूपुर कठिया में विस्थापित किए गए प्लाटों पर कुछ लोगों द्वारा कब्जे का प्रयास किए जाने की शिकायत की। उन्होंने प्लाटों की पैमाइश कराने की मांग की। चमन चौहान निवासी सलेमपुर महदूद ने होलिका दहन स्थल और विद्यालय के पास संचालित अवैध मीट की दुकानों को बंद कराने तथा प्राथमिक विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर सहित गांव के विभिन्न स्थानों पर फैली कूड़े की समस्या के समाधान की मांग की। समता सिंह ने नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण हटवाने की शिकायत की। वहीं, पंकज राणा ने सलेमपुर महदूद स्थित सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में खसरा नंबर 1772 की सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए उसे हटवाने की मांग की।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर जाकर जांच करें और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी तथा अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअल माध्यम से भी जिला स्तरीय अधिकारी जुड़े। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं।

Related Articles

Back to top button