राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर
डिजिटल और एआई के दौर में खबरों की सत्यता और जनहित को सर्वोपरि रखें पत्रकार: जिलाधिकारी

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय की ओर से प्रेस क्लब सभागार में ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने दीप प्रज्वलित कर किया। गोष्ठी में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में सूचनाएं तेजी से प्रसारित हो रही हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग से पत्रकारिता का स्वरूप भी बदल रहा है। ऐसे में मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि खबरों की प्राथमिकता सनसनी या लोकप्रियता के आधार पर नहीं, बल्कि जनहित के आधार पर तय होनी चाहिए। समाचार प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि जरूरी है। पत्रकारों को अपुष्ट एवं भ्रामक खबरों से बचते हुए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और शासन-प्रशासन तथा जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है।

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, राजकुमार और गुलशन नैयर ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने पीत पत्रकारिता और सनसनीखेज खबरों के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए सत्यता, निष्पक्षता और जनहित को पत्रकारिता का मूल आधार बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार श्रवण कुमार झा, बालकृष्ण शास्त्री, दीपक नौटियाल, अश्विनी अरोड़ा, काशीराम सैनी, हिमांशु द्विवेदी, सुदेश आर्य, प्रतिभा वर्मा, कुमकुम शर्मा, नीलम सैनी, संजय रावल और सतीश गुजराल सहित विभिन्न समाचार पत्रों एवं चैनलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



