उत्तराखंड

बहादराबाद में मुठभेड़ के बाद हथियार तस्करी गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग करने वाले मुकुल के पैर में लगी गोली, पांच पिस्टल, तमंचा और सात कारतूस बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का बहादराबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास कर रहे आरोपी मुकुल पाल के बाएं पैर में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 नवंबर को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो अन्य मोटरसाइकिल से पहुंचे। पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। चेतावनी के बावजूद दोबारा गोली चलाने पर पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल पांच .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा एक स्प्लेंडर प्लस और एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस ने 16 नवंबर की रात बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान चौथे आरोपी प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल (25) निवासी बमौरी, मेरठ, भूपेंद्र (20) निवासी मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार (26) निवासी बहादराबाद और प्रशांत कुमार (23) निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकुल पाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जबकि अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button