डीएम ने विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जिला योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वयं स्वगणना करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों एवं आमजन को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। जिला योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को स्वीकृत धनराशि का शत-प्रतिशत व्यय शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा किया जाए। जिन विभागों की प्रगति धीमी है, वे कार्यों में तेजी लाएं।

20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने डी और सी श्रेणी में शामिल विभागों को अपनी प्रगति में सुधार कर ए श्रेणी में आने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी और अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कई जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी बैठक में जुड़े।



