उत्तराखंड

आवारा कुत्तों के हमले में बच्ची घायल, मां से मारपीट का आरोप

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

रुड़की। न्यू नेहरू नगर निवासी अलका व्यास ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर पड़ोस में आवारा कुत्तों के हमले और उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उनकी बेटी घर से बाहर जा रही थी, तभी 8 से 9 कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर वह उसे बचाने पहुंचीं। अलका व्यास का आरोप है कि उक्त कुत्तों को स्थानीय निवासी नीरज सिंघल ने पाल रखा है। इस संबंध में उन्होंने 14 अक्टूबर को नगर निगम और सीएम पोर्टल पर शिकायत भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता के मुताबिक, बेटी को बचाने पहुंचने पर नीरज सिंघल की पत्नी और बेटी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि उनका गला घोंटने का प्रयास किया गया तथा धारदार वस्तु से गले, हाथ और पैर पर हमला कर घायल कर दिया गया। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़िता ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button