उत्तराखंड

मदरसे और मकतबों का निरीक्षण, बिना मान्यता वाले संस्थानों को नोटिस

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह रावत और सहायक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बाबी कुमार के साथ बिजौली, नगला इमरती, लादपुर खुर्द, लादपुर कला, जैनपुर एवं मख्याली खुर्द क्षेत्र में संचालित 7 मदरसों और 3 मकतबों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. गांधी ने मकतब संचालकों को सभी बच्चों का रिकॉर्ड रखने और विद्यालय समय के बाद ही मकतब संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक बच्चे का किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित अध्ययन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उनकी औपचारिक शिक्षा प्रभावित न हो। निरीक्षण में बिना मान्यता संचालित मदरसों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त लेकिन धार्मिक शिक्षा के संचालन के लिए प्राधिकरण से संबद्ध नहीं संस्थानों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत मान्यता लेने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर पांच लाख रुपये तक जुर्माने और संस्थान सील करने के प्रावधान की जानकारी भी दी गई।

डॉ. गांधी ने शिक्षा विभाग में लंबित मान्यता संबंधी प्रकरणों पर अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संकल्प है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर विकास की मुख्यधारा से जुड़े। प्राधिकरण धार्मिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा के साथ विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, तकनीकी और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने मदरसा एवं मकतब संचालकों से बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में सहयोग की अपील की।

Related Articles

Back to top button