उत्तराखंड

निजी चैट सार्वजनिक करने पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। अंकिता और उसके दोस्त की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में मंगलवार को महिला कांग्रेस ने भाजपा के पूर्व राज्य मंत्री डॉ. विनोद आर्य के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं ने डॉ. विनोद आर्य के आवास की ओर कूच किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने निजी चैट सार्वजनिक किए जाने को महिला की निजता और सम्मान का उल्लंघन बताते हुए डॉ. विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि अंकिता पहले ही जघन्य हत्याकांड की शिकार हो चुकी है। ऐसे में उसकी निजी बातचीत सार्वजनिक करना बेहद निंदनीय है। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई।

करीब आधे घंटे तक मौके पर हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को हिरासत में ले लिया। ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करना शर्मनाक है। महिला की निजता और सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और डॉ. विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, कांग्रेस नेता महेश प्रताप राणा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड के मूल सवालों से ध्यान भटकाने के लिए मामले को दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निजी चैट सार्वजनिक करने का मामला गंभीर है और कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button