ज्ञान भारत मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों का होगा संरक्षण और डिजिटाइजेशन
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को सर्वेक्षण व पंजीकरण के दिए निर्देश, आमजन से भी सहयोग की अपील

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। इसका उद्देश्य देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर उसका दस्तावेजीकरण एवं डिजिटाइजेशन करना है, ताकि इस अनमोल धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जनपद के सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों, गुरुद्वारों और अन्य संस्थाओं में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों एवं दुर्लभ ज्ञान सामग्री का समयबद्ध सर्वेक्षण और पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध पांडुलिपियों की पहचान कर उनकी जानकारी संकलित करें। सीडीओ ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति, धार्मिक संस्था, स्वयंसेवी संगठन या शिक्षण संस्थान के पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ अथवा दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी, हरिद्वार के कार्यालय में उपलब्ध कराएं। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों एवं संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी दी जा सकती है। उपलब्ध पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग के बाद उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन कराया जाएगा। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, शिक्षा विभाग एवं नगर निगम सहित अन्य संस्थानों से मिशन में सक्रिय सहयोग करने की अपेक्षा की।

बैठक में बताया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है। इसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग एवं डिजिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति सर्वेक्षण, सत्यापन, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन से संबंधित कार्यों का समन्वय करेगी। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने मिशन के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम (GYAN BHARATAM) ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज कर संरक्षित किया जाएगा। बैठक में शोध अधिकारी उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय डॉ. हरीश चंद्र गुरानी, प्रभारी प्राचार्य श्री भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय डॉ. रविंद्र कुमार, पतंजलि विश्वविद्यालय से डॉ. स्वाति आर्य, कुलसचिव उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय दिनेश कुमार, कुलसचिव देव संस्कृति विश्वविद्यालय दाऊ देवगण, श्रीराम सोनपे, उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद, पूर्णिमा बिष्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



