2027 में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए कार्यकर्ता अभी से जुटें: मदन लाल
टिबड़ी में कांग्रेस अनुसूचित विभाग की बैठक, भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और उत्पीड़न के लगाए आरोप

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के दृष्टिगत कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग की बैठक टिबड़ी में आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सह प्रभारी रूप सिंह और प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि 2027 में कांग्रेस को सत्ता में लाना है, इसके लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं। एकजुट होकर जनता के बीच जाएं और भाजपा शासन में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर करें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। महिला, दलित और मुस्लिम वर्ग के लोगों पर अत्याचार एवं उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं। हरिद्वार विधानसभा प्रभारी संजय सैनी और एससी विभाग के जिला अध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा कि वोट चोरी, पेपर लीक, बेरोजगारी, लोकतंत्र का दमन और खनन में भ्रष्टाचार सरकार की विफलताओं को दर्शाते हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिला है। आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता जब दिल्ली के इंडिया गेट पर धरने पर बैठे तो पुलिस ने सरकार के दबाव में उन्हें जबरन हटाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को सजा दिलाने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है।

एससी विभाग के महानगर अध्यक्ष मनोज जाटव और युवा कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों में जनता का शोषण हो रहा है। बेरोजगारी, महंगाई, कुंभ कार्यों में लापरवाही और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे। बैठक में संजय पालीवाल, राजबीर सिंह चौहान, रविश भटीजा, बीएस तेजियांन, सीपी सिंह, अशोक शर्मा, उमेद सिंह, इसम सिंह, तेलुराम प्रधान, ममता सिंह, महेश प्रताप राणा, विकास चंद्रा, मनोज सैनी, अजय दास, दिनेश दुबे, सुनील सिंह, पुनीत कुमार, समर्थ अग्रवाल, मोहन राणा, जतिन हांडा, रजत कुमार, एके नागपाल, आकाश बिरला, वेद रानी, संदीप रोशन, संजय कुमार, रोशन लाल ठेकेदार, केपी बावरा, जायसवाल सिंह, छोटे लाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



