उत्तराखंड

हरिद्वार की कबड्डी टीमों का दोहरा धमाका, बालक-बालिका दोनों वर्गों में जीता राज्य स्तरीय खिताब

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। टिहरी गढ़वाल के मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अनुसूचित जाति कबड्डी प्रतियोगिता में हरिद्वार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के बालक और बालिका दोनों वर्गों में हरिद्वार की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान हरिद्वार के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल, आपसी तालमेल और मजबूत रणनीति का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी। फाइनल मुकाबलों में भी हरिद्वार की टीमों ने अपना दबदबा बनाए रखा। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरिद्वार की टीम ने ऊधमसिंह नगर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में हरिद्वार की खिलाड़ियों ने देहरादून की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

दोनों वर्गों में जीत दर्ज कर हरिद्वार की टीमों ने प्रतियोगिता में अपना परचम लहराया। इस शानदार सफलता में कोच गुलाब सिंह और गौरव कुमार का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। दोनों कोचों के निर्देशन में खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक और बालिका दोनों टीमों की एक साथ जीत को जिले के खेल जगत की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हरिद्वार की इस दोहरी सफलता से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता में मिली जीत ने साबित कर दिया कि जिले की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं में प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाने की भरपूर क्षमता है।

Related Articles

Back to top button