पारिवारिक विवाद में पार्षद पर पत्नी, सास और साली से मारपीट का आरोप, लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान राजा गार्डन के पार्षद सुमित त्यागी पर अपनी पत्नी, सास और साली के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। आरोप है कि पत्नी को बचाने पहुंची सास के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया, जबकि बीच-बचाव करने आई साली के पेट पर लात मारकर उसे भी घायल कर दिया गया। पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, बालाजीपुरम कॉलोनी जगजीतपुर निवासी नूतन त्यागी ने बताया कि उनकी बेटी साक्षी त्यागी का विवाह 11 मई 2026 को राजा गार्डन, जगजीतपुर निवासी पार्षद सुमित त्यागी के साथ हुआ था। आरोप है कि 14 नवंबर की सुबह करीब दस बजे उनकी बेटी का फोन आया। बेटी रोते हुए उनसे मदद मांग रही थी और कह रही थी कि मम्मी मुझे बचा लो, ये लोग मुझे जान से मार देंगे। आरोप है कि उस समय उसका पति सुमित त्यागी उसके साथ मारपीट कर रहा था। बेटी की सूचना पर नूतन त्यागी अपनी बड़ी बेटी सिमरन त्यागी को लेकर सुमित के घर पहुंचीं। वहां पहले से पुलिस मौजूद थी। आरोप है कि नूतन ने साक्षी की सास मीना त्यागी से शांति से बैठकर बात करने को कहा, लेकिन उन्होंने साक्षी को धक्का देकर घर से बाहर गिरा दिया और उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर सुमित त्यागी ने नूतन के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। मां को बचाने पहुंची सिमरन के पेट पर साक्षी के देवर केतन त्यागी ने लात मार दी, जिससे वह भी जमीन पर गिर गई। आरोप है कि साक्षी घटना की मोबाइल से वीडियो बना रही थी। इसी दौरान सुमित ने उस पर भी लोहे की रॉड से हमला कर मोबाइल फोन छीन लिया। साथ ही धमकी दी कि यदि वीडियो कहीं प्रसारित किया गया तो सभी को जान से मरवा देगा। आरोप है कि उसने खुद को क्षेत्र का पार्षद बताते हुए गोली मरवाने की धमकी भी दी। नूतन त्यागी के अनुसार, वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर किसी तरह वहां से निकलीं और जगजीतपुर चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां नूतन, साक्षी और सिमरन का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। तहरीर में घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना कैद होने का दावा भी किया गया है। पीड़िता ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



