उत्तराखंड

29 नवंबर को हरिद्वार में 52 केंद्रों पर होगी UKPSC प्रारंभिक परीक्षा, 20,958 परीक्षार्थी होंगे शामिल

रुड़की में 16 और हरिद्वार में बनाए गए 36 परीक्षा केंद्र, निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा कराने को प्रशासन ने दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 29 नवंबर को जनपद में 52 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 20,958 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बताया कि परीक्षा रविवार, 29 नवंबर 2026 को जनपद के 52 केंद्रों पर आयोजित होगी। इनमें रुड़की क्षेत्र में 16 और हरिद्वार क्षेत्र में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रुड़की क्षेत्र में 6,494 तथा हरिद्वार क्षेत्र में 13,464 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों एवं केंद्र प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर बैठक करने तथा परीक्षा से पूर्व केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों पर आयोग के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया। केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही बिजली, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, सुरक्षित परिवहन तथा कोषागार से प्रश्नपत्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ले जाने को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

अपर जिलाधिकारी ने गोपनीय सामग्री के रखरखाव और परिवहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा आयोग की समय-सारिणी एवं निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, सतर्कता बरतने तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों और संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अवर सचिव आशीष जायसवाल ने बताया कि आयोग की ओर से परीक्षा आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश के दौरान परीक्षार्थियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सघन जांच की जाएगी, ताकि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने बताया कि रुड़की क्षेत्र में आयोजित परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं डाकघर में जमा कराई जाएंगी, जबकि हरिद्वार क्षेत्र की उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा संपन्न होने के बाद संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के कार्यालय में जमा कराई जाएंगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव, जिला विकास अधिकारी केके पंत, आरओ लोक सेवा आयोग सुशील डंगवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध शर्मा सहित संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button