भाजपा ओबीसी मोर्चा को नई धार, राजवीर कश्यप बने प्रदेश महामंत्री
कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा, उत्तराखण्ड में प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य के नेतृत्व में संगठनात्मक विस्तार को लेकर एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया गया है। पिछड़ा वर्ग समाज को राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी में नई जिम्मेदारियों का वितरण किया गया है। इन नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, कश्यप समाज की सशक्त आवाज, कश्यप निषाद संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं जनप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर कश्यप (निवासी लक्सर, जनपद हरिद्वार) को भाजपा ओबीसी मोर्चा, उत्तराखण्ड का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन के लिए एक मजबूत, दूरदर्शी और रणनीतिक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी ओबीसी समाज को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत धुरी मानती है।

राजवीर कश्यप लंबे समय से समाज के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं। उनका अनुभव, संघर्षशीलता और संगठनात्मक क्षमता ओबीसी मोर्चा को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त करेगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग समाज की आवाज और प्रभाव दोनों मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ओबीसी मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक जिले और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती देगा तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेगा। नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजवीर कश्यप ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य एवं संगठन का हृदय से धन्यवाद करता हूं। जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से निभाऊंगा। मेरा संकल्प है कि ओबीसी समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं, अधिकारों और अपेक्षाओं को मजबूती से सरकार व संगठन के समक्ष रखा जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जिसने पिछड़े वर्ग समाज को सम्मान, भागीदारी और निर्णायक भूमिका दी है। आने वाले समय में ओबीसी मोर्चा युवाओं, किसानों, मजदूरों और सामाजिक संगठनों को साथ लेकर संगठन को और अधिक सुदृढ़ करेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राजवीर कश्यप की नियुक्ति से खासकर हरिद्वार, रुड़की, लक्सर और आसपास के क्षेत्रों में कश्यप, निषाद व अन्य पिछड़ा वर्ग समाज के बीच भाजपा की पकड़ और मजबूत होगी, जिसका लाभ आगामी चुनावों में पार्टी को मिल सकता है।



