उत्तराखंड

सिडकुल में फर्जी दस्तावेज रैकेट का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

मोबाइल रिपेयरिंग दुकान की आड़ में बन रहे थे कूटरचित आधार और मार्कशीट

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार चलाए जा रहे सत्यापन और सघन चेकिंग अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर कूटरचित दस्तावेजों के एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, कूटरचित हाईस्कूल अंकतालिकाएं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में जनपद भर में चल रहे सत्यापन अभियान के दौरान दिनांक 22 फरवरी को थाना सिडकुल क्षेत्र में पिपलेश्वर मंदिर के पास रावली महदूद स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान पर छापेमारी की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने दुकान के भीतर एक व्यक्ति को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से फर्जी दस्तावेज बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनीत कुमार पुत्र वेदपाल सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम कासमाबाद, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) बताया। वर्तमान में वह रावली महदूद, थाना सिडकुल क्षेत्र में रह रहा था।

आरोपी ने स्वीकार किया कि वह सिडकुल में नौकरी की तलाश में बाहर से आने वाले लोगों को उत्तराखंड के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने के नाम पर कूटरचना करता था। उसने बताया कि वह आधार कार्ड में नाम-पता और उम्र में बदलाव कर प्रिंट निकालकर ग्राहकों को देता था, जिससे वह अवैध रूप से धन अर्जित कर रहा था। दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, चार्जर, कलर प्रिंटर-स्कैनर, की-बोर्ड के साथ चार आधार कार्ड (जिनमें दो कूटरचित पाए गए) और नौ हाईस्कूल अंकतालिकाओं की कूटरचित छायाप्रतियां बरामद कीं। बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सत्यापन अभियान की गंभीरता को दर्शाती है। फर्जी दस्तावेज न केवल रोजगार और पहचान प्रणाली को प्रभावित करते हैं, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। ऐसे मामलों पर सख्ती जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना सिडकुल के थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

[metaslider id="7337"]


[banner id="7349"]

Related Articles

Back to top button