उत्तराखंड

पूर्व विधायक बलवीर सिंह नेगी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। घनसाली से पूर्व विधायक रहे बलवीर सिंह नेगी के निधन पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को खड़खड़ी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शोक संदेश में कहा कि बलवीर सिंह नेगी ने जनसेवा को अपना जीवन समर्पित किया। वे एक कर्मठ, ईमानदार और जनप्रिय नेता थे, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। दोपहर करीब 12 बजे खड़खड़ी श्मशान घाट पर सैन्य टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनके पुत्र भानु प्रताप ने मुखाग्नि देकर पिता को अंतिम विदाई दी।

श्मशान घाट पर शोकाकुल माहौल में परिजनों, रिश्तेदारों, समर्थकों और क्षेत्रीय जनता की भारी भीड़ मौजूद रही। उल्लेखनीय है कि बलवीर सिंह नेगी ने वर्ष 1988 में टिहरी से तथा 2002 और 2007 में घनसाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहते हुए जनता की सेवा की। अपने कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र के विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रयास किए। सरल स्वभाव और जनता से सीधा संवाद उनकी पहचान रही। वे अपने पीछे पत्नी और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। अंतिम दर्शन और शव यात्रा में विभिन्न जनपदों से आए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और आम नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व शहरी विकास मंत्री दिनेश ध्यानी, प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी, पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, पूर्व भिलंगना ब्लॉक प्रमुख विजय गुणशोला, वर्तमान प्रमुख राजीव कंडारी, पूर्व प्रमुख धनीलाल शाह, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुबीर सिंह साजवान, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, साहब सिंह नेगी, तहसीलदार सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।

Related Articles

Back to top button