उत्तराखंड

कुंभ मेले का विरोध कर रहे कथित मंहत पर मुकद्मा दर्ज हो: स्वामी आदियोगी पुरी

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। महामंडलेश्वर स्वामी आदियोगी पुरी महाराज ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी व महामंत्री हरि गिरी के नेतृत्व में अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाला कुंभ मेला भव्य और दिव्य स्वरूप में संपन्न होगा। स्वामी आदियोगी पुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेला भारत की सनातन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। लेकिन कुछ लोग अखाड़ों में बैठकर कुंभ मेले के आयोजन को लेकर अनर्गल प्रचार करते हुए सनातन पर कुठाराघात करने का प्रयास कर रहे हैं। स्वामी आदियोगी ने कहा कि एक संत कुंभ मेला प्रशासन द्वारा बुलायी बैठक में एक अखाड़े का प्रतिनिधि बनकर पहुंचा था। लेकिन अखाड़े द्वारा उसे अपना प्रतिनिधि मानने से इंकार करने पर उसे बैठक से निकाल दिया गया था।

इस प्रकार के कुछ संत ही कुंभ मेले को लेकर अनर्गल प्रचार कर रहे हैं। ऐसे लोगों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अखाड़ा परिषद और कुंभ मेला प्रशासन से कुंभ मेले का विरोध कर रहे कथित संतों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कराने की मांग करते हुए कहा कि अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी एवं अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी महाराज के सानिध्य में दिव्य और भव्य रूप से संपन्न हुए प्रयागराज महाकुंभ मेले से पूरे विश्व में सनातन की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अखाड़ा परिषद के प्रयासों से सरकार हरिद्वार कुंभ मेले को भी भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियों में जुटी है। लेकिन कुछ तथाकथित संत इन प्रयासों को नाकाम करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। महामंडलेश्वर स्वामी आदियोगी पुरी महाराज ने कहा कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी एवं महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी के नेतृत्व में हरिद्वार के गंगा तट पर होने वाले कुंभ मेले की दिव्य छटा पूरी दुनिया देखेगी।

Related Articles

Back to top button