ईद को लेकर देवबंद में शांति समिति की बैठक, सीओ अभितेष सिंह बोले भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर, देवबंद। ईद-उल-फितर के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभितेष सिंह ने की। इसमें नगर के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सीओ अभितेष सिंह ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। सभी लोग मिलजुलकर इस पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने नमाज के दौरान शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि ईद के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा।

नमाज के समय मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या असामाजिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी अमरपाल शर्मा ने भी उपस्थित लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि ईद का त्योहार हमेशा की तरह आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाएगा तथा सभी लोग प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करेंगे।



