उत्तराखंड

ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाया

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देशन में एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी के नेतृत्व में जेई अक्षय कुमार व विभागीय टीम ने विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर बकायेदारों पर कार्रवाई की। ऊर्जा निगम की इस सख्ती से बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है और क्षेत्र में अभियान की चर्चा बनी हुई है।

अभियान के दौरान सीतापुर, सुभाष नगर, पीठ बाजार और मेन बाजार क्षेत्रों में व्यापक जांच की गई। जांच के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले 58 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए, जबकि विभाग ने करीब 9 लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली भी की। ऊर्जा निगम की टीम ने उन कनेक्शनों की भी जांच की जिन्हें पूर्व में बकाया बिल के चलते काटा गया था। जांच में कई स्थानों पर कटे हुए कनेक्शनों को दोबारा अवैध रूप से जोड़कर बिजली इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया।

ऐसे मामलों में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और भारी जुर्माना लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने कहा कि बिजली चोरी और बकाया बिल न चुकाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल जमा करें, अन्यथा कनेक्शन काटने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button