उत्तराखंड

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो क्लिप के संबंध में पूर्ति निरीक्षक कनखल में पुष्पक गैस सर्विस (बीपीसीएल), कनखल को कारण बताओ नोटिस जारी

कलयुग दर्शन (24×7)

अवधेश भूमिवाल (संवाददाता)

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो क्लिप के संबंध में पूर्ति निरीक्षक कनखल ने मै. पुष्पक गैस सर्विस (बीपीसीएल), कनखल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एजेंसी को दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्ति निरीक्षक कनखल ने बताया कि व्हाट्सएप, फेसबुक आदि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही करीब 40 सेकंड की वीडियो क्लिप का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। वीडियो में वाहन संख्या यूके 08 सीए 6013, जिस पर पुष्पक गैस एजेंसी, हरिद्वार (भारत गैस) लिखा हुआ दिखाई दे रहा है, उसमें एक व्यक्ति वाहन के अंदर खड़े होकर गैस सिलेंडर के साथ छेड़छाड़ करता हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति वाहन चला रहा है।

वीडियो में यह भी दिख रहा है कि वहां मौजूद लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने पर वाहन चालक वाहन लेकर मौके से चला जाता है। पूर्ति निरीक्षक ने कहा कि उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर बैठकों, व्हाट्सएप व अन्य माध्यमों से दिए गए निर्देशों के बावजूद इस प्रकार की गतिविधि एजेंसी की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। इस संबंध में पुष्पक गैस सर्विस को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया गया है कि दो दिन के भीतर जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

Related Articles

Back to top button