उत्तराखंड

कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवालिक नगर में हुई चेन लूट की घटना का महज 21 घंटे में किया खुलासा

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने पाश कॉलोनी शिवालिक नगर में हुई चेन लूट की घटना का महज 21 घंटे में खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गैंग के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा और एक अवैध फोल्डिंग चाकू बरामद किया गया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार 23 मार्च को शिवालिक नगर निवासी सत्यशील वत्स ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रात करीब 8 बजे उनकी मेडिकल स्टोर शील फार्मेसी पर दो युवक मोटरसाइकिल से आए। इनमें से एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा ग्राहक बनकर दुकान में आया और सामान लेने के दौरान अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। पीडि़त ने जब उनका पीछा किया तो दोनों बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तुरंत टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक रानीपुर आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीआईयू हरिद्वार की मदद से क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बीएचईएल तिराहा बहादराबाद के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनमोल गर्ग उम्र 24 वर्ष पुत्र रजनीश गर्ग, निवासी गांधी नगर थाना नई मंडी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का आधा हिस्सा, एक अवैध चाकू और तलाशी के दौरान 200 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने साथी आशीष उर्फ पगला निवासी बुराड़ी, दिल्ली के साथ मिलकर कई लूट और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से वारदात करते हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी 23 मार्च को मुजफ्फरनगर से हरिद्वार आए थे और शिवालिक नगर क्षेत्र में पहले रैकी की। अंधेरा होने पर उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक को निशाना बनाकर घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी लूटी गई चेन का एक हिस्सा बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ शस्त्र अधिनियम में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Back to top button