सहायक रजिस्ट्रार ने दिए बड़ा उदासीन अखाड़े के सभी खाते सील करने के आदेश
संतों के बीच अखाड़े पर शनि का प्रकोप होने की चर्चा

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के संतों के बीच जारी विवाद में श्रीमहंत दुर्गादास गुट को तगड़ा झटका लगा है। सहायक रजिस्ट्रार फर्म सोसायटी चिटस एंड फंडस प्रयागराज कार्यालय के सहायक रजिस्ट्रार मनोज कुमार ने अखाड़े की देश में स्थित सभी शाखाओं के बैंक खाते सीज करने के आदेश दिए हैं। 23 अप्रैल को दिए आदेश में सहायक रजिस्ट्रार मनोज कुमार ने अखाड़े के बैंक खाते सीज करने के साथ कर्मचारियों का वेतन, बिजली पानी के बिल व अन्य खर्चो का भुगतान संबंधित अधिकारी से स्वीकृति लेकर करने के आदेश भी दिए हैं। सहायक रजिस्ट्रार ने ऑडिटर विवेक तिवारी को भी बदल दिया है और संदीप कुमार को नया ऑडिटर नियुक्त करने के साथ अखाड़े की सभी संपत्तियों की जांच करने के आदेश दिए हैं। ऑडिट होने तक अखाड़े की किसी भी संपत्ति को लीज पर देने और बिक्री करने पर भी रोक लगायी गयी है।

सहायक रजिस्ट्रार ने यह आदेश इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 20 अगस्त 2025 के फैसले के अनुपालन में जारी किया है। अखाड़े के सचिव महंत अग्रदास और महंत रघुमुनि ने श्रीमहंत दुर्गादास गुट पर देश भर में स्थित अखाड़े की संपत्तियों को खुर्दबुर्द करने का आरोप लगाते हुए रजिस्ट्रार कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी। अखाड़े के संतों में चल रहे विवाद को लेकर संतो के बीच अखाड़े पर शनि का प्रकोप होने की चर्चा चल पड़ी है। संतों का कहना है कि जिस प्रकार का घटनाक्रम श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के संतों के बीच चल रहा है। उसे देखते हुए अखाड़े के संतों को शनिदेव का विशेष अनुष्ठान कराना चाहिए। जिससे शनि का प्रकोप शांत हो और अखाड़ा उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़े।



