उत्तराखंड

बुद्ध पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान, हरिद्वार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिद्वार में देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। धर्मनगरी हरिद्वार में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, जिसने दिनभर एक भव्य आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया। श्रद्धालुओं ने विशेष रूप से हर की पैड़ी समेत विभिन्न प्रमुख गंगा घाटों पर स्नान किया और अपने तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति के लिए प्रार्थनाएं कीं। स्नान का सिलसिला सुबह ब्रह्ममुहूर्त से शुरू होकर देर शाम तक लगातार जारी रहा। घाटों पर हर-हर गंगे और जय गंगा मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। भीड़ को नियंत्रित करने और स्नान को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे। सुरक्षा की दृष्टि से मेला क्षेत्र को 8 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा गया था, जहां प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र जगह-जगह बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्लान और पैदल मार्ग निर्धारित किए गए थे। आधुनिक तकनीक का भी भरपूर उपयोग किया गया। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी गई, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। लाउडस्पीकरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश दिए जाते रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह समेत तमाम आला अधिकारी लगातार मैदान में मौजूद रहे और हर की पैड़ी सहित अन्य घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्नान की सुविधा उपलब्ध कराना था, जिसमें काफी हद तक सफलता मिली। बुद्ध पूर्णिमा का यह पावन पर्व हरिद्वार में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ, जहां श्रद्धा, भक्ति और प्रशासनिक सतर्कता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button