श्रीलंका सिविल सेवा के 40 प्रशिक्षु अधिकारियों का हरिद्वार दौरा, प्रशासनिक कार्यप्रणाली का लिया प्रशिक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार में श्रीलंका सिविल सेवा के 40 प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल राष्ट्रीय सुशासन केंद्र, भारत सरकार के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पहुंचा। दल का नेतृत्व डॉ. एपी सिंह (कोर्स कोऑर्डिनेटर), डॉ. एम.के. भंडारी एवं संजय दत्त पंत (ट्रेनिंग एसोसिएट) कर रहे थे। जिला आपदा प्रबंधन सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर सभी प्रशिक्षुओं का स्वागत किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशासनिक दायित्वों, अधिकारों एवं शक्तियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली, वर्तमान चुनौतियों और व्यवस्थाओं से अवगत कराया। उन्होंने हरिद्वार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्ता, गंगा आरती, कुंभ मेला और कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं आपदा प्रबंधन की चुनौतियों पर भी विस्तार से जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक निशा यादव ने पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति और बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ नियंत्रण के उपायों पर प्रकाश डाला। वहीं खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल ने विकासखंड स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका जिलाधिकारी द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी ने किया। अंत में श्रीलंका के टीम लीडर एवं डायरेक्टर जनरल प्लानिंग इल्लनदरागे मंगला प्रियदर्शिनी गुणरत्ना ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट किया। जिला प्रशासन की ओर से भी सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



