उत्तराखंड

टोल प्लाजा पर हंगामा, विधायक ने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ किया धरना प्रदर्शन

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

बहादराबाद। हरिद्वार के बहादराबाद टोल प्लाजा पर आज उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक रवि बहादुर खुद मौके पर पहुंचे और टोल की मनमानी के खिलाफ उन्होंने धरना प्रदर्शन किया l विरोध स्वरूप टोल प्लाजा को कुछ समय के लिए फ्री करवा दिया। कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने टोल कर्मचारियों पर स्थानीय लोगों के साथ अन्याय का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पहले यह सहमति बनी थी कि 15 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय वाहन चालकों से टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा, लेकिन इसके बावजूद सभी वाहनों से शुल्क वसूला जा रहा है। विधायक ने मौके पर ही धरना देते हुए टोल संचालन पर सवाल खड़े किए और कहा कि जब तक स्थानीय लोगों को राहत नहीं दी जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और टोल के खिलाफ नारेबाजी की।

धरना स्थल पर उपस्थित जनता को सम्बोधित करते हुए विधायक रवि बहादुर ने कहा कि टोल पर पूरी तरह से मनमानी चल रही है। लोकल जनता को कोई सुविधा नहीं दी जा रही, जबकि पहले स्पष्ट सहमति बनी थी। जब तक व्यवस्था ठीक नहीं होती, हम इस तरह विरोध करते रहेंगे।” फिलहाल टोल प्लाजा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, हालांकि मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है और हालात को काबू में करने की कोशिश की जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है। मौके पर पूर्व मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजवीर सिंह चौहान, कांग्रेस यूथ जिला अध्यक्ष लक्ष्य चौहान भारी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। टोल प्लाजा कर्मचारियों की ओर से इस मामले को लेकर कहा गया कि जल्दी ही इसका कोई स्थाई समाधान निकाल लिया जायेगा।

Related Articles

Back to top button