उत्तराखंड

घरेलू गैस की कथित कालाबाजारी पर यूकेडी ने उठाए सवाल

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के महानगर अध्यक्ष सागर कुमार प्रजापति ने हरिद्वार में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अनियमितताएं की जा रही हैं, जिससे आम जनता आर्थिक रूप से प्रभावित हो रही है। सागर कुमार प्रजापति ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर आम जनता की दैनिक जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन कुछ एजेंसी संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी कर उपभोक्ताओं को कम गैस वाले सिलेंडर उपलब्ध कराने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की आवश्यकता है।

उपभोक्ताओं को सिलेंडर प्राप्त करते समय उसका वजन अवश्य जांचना चाहिए। प्रत्येक सिलेंडर पर खाली बॉडी का वजन अंकित होता है, जिसमें 14 किलोग्राम गैस जोड़कर कुल वजन की पुष्टि की जा सकती है। यूकेडी महानगर अध्यक्ष ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की कि गैस एजेंसियों की नियमित जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। अंत में उन्होंने आम जनता से जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित विभाग को तत्काल सूचना देने की अपील की।

Related Articles

Back to top button