उत्तराखंड

नासिक महाकुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने की अखाड़ों के साथ बैठक, अधिकारियों को दिए सभी कार्य समय से पूरे करने के निर्देश

सनातन संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व है कुंभ मेला: श्रीमहंत रविंद्रपुरी

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (संवाददाता)

हरिद्वार। नासिक कुंभ की तैयारियों को लेकर महाराष्ट्र सरकार और संतों की बैठक का आयोजन किया गया। मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी, श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के मुखिया महंत दुर्गादास सहित सभी तेरह अखाड़ों के प्रतिनिधि तथा सरकार के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अगले वर्ष 2027 में होने वाले महाकुंभ मेले को भव्य, दिव्य स्वरूप में आयोजित करने को लेकर चर्चा की गयी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि नासिक कुंभ मेले को भव्य स्वरूप में आयोजित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। कुंभ मेले में आने वाले संतों और श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। कुंभ मेले के दौरान किसी भी संत और श्रद्धालु को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कुंभ मेले से संबंधित सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी संत महापुरूष मेरे पूज्यनीय हैं।

सभी के आशीर्वाद से नासिक महाकुंभ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न होगा। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेला सनातन संस्कृति का सबसे बड़ा पर्व है। कुंभ मेले को गरिमा और परंपरा को बनाए रखते हुए नासिक कुंभ को भव्य रूप से आयोजित करने में सभी अखाड़े सरकार का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान सनातन संस्कृति का वैभव पूरी दुनिया देखेगी। संतों द्वारा प्रसारित आध्यात्मिक संदेशों से पूरे विश्व को मार्गदर्शन प्राप्त होगा। अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरी महाराज ने कहा कि कंुभ मेला सनातन के गौरव का प्रतीक है। 2027 में नासिक और हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन होगा। जिनमें देश दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे और अखाड़ों के संतों के सानिध्य में आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त कर सनातन को आगे बढ़ाएंगे। श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में सभी तेरह अखाड़े मिलकर नासिक कुंभ मेले को भव्य और दिव्य रूप से संपन्न कराने में सरकार का पूरा सहयोग करेंगे।

Related Articles

Back to top button