भीख मंगवाने के लिए अगवा मासूम चार दिन में बरामद, दो गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। जनपद के थाना पिरान कलियर दरगाह परिसर से अपहृत सात माह के मासूम बच्चे को पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपितों ने बच्चे का अपहरण उसे गोद में लेकर भीख मांगने और अधिक पैसे कमाने की नीयत से किया था। जानकारी के अनुसार 7 जून को बिहार निवासी कलसूम खातून अपने परिवार के साथ दरगाह परिसर में मौजूद थीं। इसी दौरान नमाज के समय उनके सात माह के नाती मोहम्मद अली रजा का अपहरण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीम गठित कर बच्चे की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस ने जांच के दौरान दरगाह परिसर, रुड़की-कलियर मार्ग, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक विकलांग महिला और उसके साथ एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। महिला की वैशाखियां और मासूम के दोनों हाथों में छह-छह उंगलियां पुलिस के लिए महत्वपूर्ण पहचान का आधार बनीं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस गुरुवार को लक्सर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, जहां एक विकलांग महिला बच्चे को गोद में लेकर भीख मांग रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और महिला सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि महिला बचपन से पोलियोग्रस्त है और अपने साथी समीर उर्फ सोनू के साथ रहती है। दोनों के पास आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं था। दरगाह में भीख मांगने के दौरान उन्होंने देखा कि छोटे बच्चों को गोद में लेकर भीख मांगने वालों को अधिक पैसे मिलते हैं। इसी लालच में उन्होंने बच्चे का अपहरण करने की योजना बनाई। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक सप्ताह तक बच्चे और उसके परिवार पर नजर रखी। 7 जून की शाम मौका मिलते ही समीर उर्फ सोनू ने दरगाह परिसर से बच्चे का अपहरण कर लिया और उसे लंढौरा ले गया। इसके बाद दोनों बच्चे का इस्तेमाल कर भीख मांगने की तैयारी में थे। मासूम की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी हरिद्वार ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ सोनू उर्फ बड़ा (22 वर्ष), निवासी गोल्डन कॉलोनी, लंढौरा, थाना मंगलौर तथा एक 45 वर्षीय महिला अभियुक्ता के रूप में की है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया है।



