उत्तराखंड

पीएनबी ने स्वच्छता अभियान को दी रफ्तार, गंगा सभा और शांतिकुंज को भेंट किए दो वाहन

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। धनतेरस के शुभ अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार करने की दिशा में सराहनीय पहल की। बैंक की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत गंगा सभा एवं शांतिकुंज गायत्री परिवार को स्वच्छता कार्यों में सहयोग के लिए दो वाहन भेंट किए गए। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के अंचल प्रमुख श्री अनुपम ने अपने करकमलों से दोनों वाहनों को संबंधित संस्थाओं को समर्पित किया। इस अवसर पर अंचल प्रमुख अनुपम, उप अंचल प्रमुख अभिजित सिन्हा, हरिद्वार मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश, उप मंडल प्रमुख अविनाश, सहायक महाप्रबंधक अंकुर, एलडीएम दिनेश गुप्ता, मुख्य प्रबंधक अतुल मोहन गुप्ता, मुख्य प्रबंधक गोपाल एवं शांतिकुंज शाखा प्रबंधक आरती वर्मा सहित विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

गंगा सभा की ओर से अध्यक्ष नितिन गौतम एवं स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणि ने सहभागिता की। वहीं शांतिकुंज गायत्री परिवार की ओर से ट्रस्टी शेफाली पांडया, व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि एवं जगदीश लाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे जनहितकारी कार्यों में भी निरंतर योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों वाहनों से शहर में स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी और हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों ने पीएनबी की इस सामाजिक एवं जनकल्याणकारी पहल की सराहना की।

Related Articles

Back to top button