दीपावली पर कनखल पुलिस ने लौटाई 82 लोगों की खुशियां, 12.30 लाख के मोबाइल बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर हरिद्वार पुलिस ने 82 लोगों को खास तोहफा दिया है। कोतवाली कनखल पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस की मदद से खोए हुए 82 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 12 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। शुक्रवार को कोतवाली कनखल में पुलिस अधीक्षक नगर की उपस्थिति में बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के लिए यह किसी दीपावली के तोहफे से कम नहीं रहा। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस के प्रयासों से उन्हें अपने फोन वापस मिल गए।

इस साल 268 मोबाइल बरामद
कनखल पुलिस की ओर से खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 268 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख 20 हजार रुपये है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कनखल पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यशैली और प्रयासों की सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई से त्योहार के मौके पर लोगों को बड़ी राहत मिली।



