सहसपुर में युवक की हत्या के बाद बवाल: आक्रोशित भीड़ का प्रदर्शन, आगजनी और पत्थरबाजी से बढ़ा तनाव

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
देहरादून के सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार को दो पक्षों के बीच हुई झड़प में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया। जानकारी के अनुसार, मृतक भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक विनोद पर एक पक्ष के करीब दर्जन भर लोगों ने हमला किया था। हमले में भाजपा नेता विनोद कुमार की मौत हो गई, जब कि उनके भाई अशोक कुमार, राजेश और भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण देर रात तक थाने में डटे रहे तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह युवक की हत्या से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

इस दौरान एक आरोपी के घर में आग लगा दी गई, जबकि अन्य घरों के बाहर भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं। क्षेत्र में पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मामले में 12 से 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही एसडीएम स्तर के अधिकारियों को मौके पर निगरानी और शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन मृतक के परिजनों के लगातार संपर्क में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।



