धामी सरकार के 5 वर्ष पूरे होने पर हरिद्वार में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े का शुभारंभ, 59 लाभार्थी सम्मानित

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया। मदन कौशिक ने सरकार की पांच वर्षों की उपलब्धियों में यूसीसी, नकल विरोधी कानून, भू-कानून, जी-20 और राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख किया। प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से 33 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। विधायक आदेश चौहान ने हरिद्वार में सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य और जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज जैसी विकास परियोजनाओं का उल्लेख किया। कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, आदेश सैनी और संजय अरोड़ा ने भी सरकार की उपलब्धियों पर अपने विचार रखे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि 30 जुलाई तक ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 19 उत्कृष्ट लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा बाल विकास विभाग की मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत 40 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही मत्स्य, पशुपालन, कृषि और उद्यान विभाग के प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेश चौधरी और विनोद प्रसाद मिश्रा ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरी गिरी, एसडीएम योगेश मेहरा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, विकास तिवारी, हीरा सिंह, लव शर्मा, आशु चौधरी, मनोज गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



