आगामी कांवड़ यात्रा-2026 के सम्बन्ध में अन्तर्राज्यीय समन्वय गोष्ठी का आयोजन

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर श्री अभिषेक सिंह द्वारा आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत यातायात डायवर्जन/यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु रिजर्व पुलिस लाइन्स, जनपद सहारनपुर स्थित नवीन सभागार में समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद सहारनपुर/मुजफ्फरनगर, पुलिस अधीक्षक जनपद शामली, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहारनपुर/मुजफ्फरनगर/मेरठ/देहरादून/हरिद्वार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान अंतर्राज्यीय व अंतर्जनपदीय मार्गो (जैसे-दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे(344G), NH-58 आदि) पर यातायात डायवर्जन/यातायात व्यवस्था हेतु सभी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गयी। साथ ही सभी अधिकारियों को एक-दूसरे से समन्वय स्थापित रखते हुए कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। महोदय द्वारा उत्तराखंड राज्य से गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात संचालन हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में रिजर्व होल्डिंग क्षेत्रों का पूर्व निर्धारण किया जाए तथा उनसे संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराई जाएं।

महोदय द्वारा गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा हेतु निर्धारित मार्ग पर समस्त व्यवस्थाएं जैसे- चिकित्सा शिविर, विश्राम शिविर आदि समय से पूर्ण करा ली जाये तथा श्रद्धालुओं/कांवड़ियों को निर्धारित कांवड़ यात्रा मार्ग का प्रयोग करने हेतु अवगत कराया जाये। महोदय द्वारा उत्तराखंड राज्य से गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले अधिकारियों एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नवीन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे (NH-344G) को पूर्णतः वाहनों के आवागमन हेतु आरक्षित रखा जाए। इस संबंध में NHAI को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने, कांवड़ियों/श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु अतिरिक्त दिशासूचक साइनेज स्थापित करने, एक्सप्रेस-वे पर अतिक्रमण कर बनाए गए अवैध कटों को सुरक्षा की दृष्टि से समय रहते बंद कराने तथा उन्हें पुनः खोलने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा कांवड़ियों/श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा, स्नान, विश्राम सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अतः समस्त श्रद्धालुओं से अनुरोध किया जाता है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित कांवड़ यात्रा हेतु केवल निर्धारित कांवड़ यात्रा मार्ग का ही प्रयोग करें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा एवं यातायात संबंधी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।



