रुड़की में मुस्लिम समाज ने कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा, सौहार्द का दिया संदेश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
रुड़की। उत्तराखंड नागरिक सम्मान समिति, रुड़की के तत्वावधान में नगर निगम परिसर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कांवड़ यात्रियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान शिवभक्तों को फूल-मालाएं पहनाई गईं तथा फल वितरित कर सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। समिति के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से कांवड़ यात्रा के दौरान मुस्लिम समाज की ओर से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का फल वितरण और पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया जाता है। कार्यक्रम का संयोजन सलमान फरीदी ने किया। वरिष्ठ समाजसेवी ईश्वर लाल शास्त्री एवं अफजल मंगलौरी ने शिवभक्तों और अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ (आईएएस) ने कहा कि भारत की संस्कृति सदियों से “वसुधैव कुटुंबकम” और “सर्वधर्म समभाव” के सिद्धांतों पर आधारित रही है।

रुड़की के नागरिकों ने इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रेरणादायी संदेश दिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिक्षा नगरी रुड़की के नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास पूरे प्रदेश में सकारात्मक संदेश देता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वर लाल शास्त्री ने की, जबकि संचालन अफजल मंगलौरी ने किया। इस अवसर पर पार्षद मनोज कुमार, ताहिर अली, काजी शकील अल्वी, हाजी सलामत फरीदी, राजू शास्त्री, इमरान देशभक्त, शिवम शास्त्री, हाजी शहजाद, शेख अहमद, मोनू जलवीर, पूर्व सभासद पंडित राजकुमार दुखी, हेमंत जुल्का, अमित वर्मा, शशि कुमार सैनी, विकास वशिष्ठ, ओम प्रकाश नूर, सैयद नफीसुल हसन सहित अनेक गणमान्य लोगों ने स्वागत समिति की ओर से कांवड़ियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।



