मतदाता सूची पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप, कांग्रेस ने उठाए सवाल
बिना कारण नोटिस जारी करने का आरोप, निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को बिना स्पष्ट कारण बताए नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे लोगों में भ्रम और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पूरे प्रदेश में असंतोष का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में अभियान के दौरान सामने आई समस्याओं के बावजूद निर्वाचन आयोग आवश्यक सुधार करने में विफल रहा है। उनका कहना था कि कई मतदाताओं को ऐसे नोटिस भेजे गए हैं, जिनमें त्रुटि का कारण तक स्पष्ट नहीं किया गया है। आलोक शर्मा ने दावा किया कि उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को भी नोटिस मिला है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरिद्वार जिले के लक्सर विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर 800 से अधिक नोटिस जारी किए गए हैं।

उनके अनुसार, दो माह तक चली निर्वाचन आयोग की कवायद के बाद इस प्रकार की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में बीएलओ की सहमति के बिना मतदाता बनाए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक नहीं माने जाने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि बिना किसी स्पष्ट त्रुटि का उल्लेख किए मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे लोग अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे मतदाताओं में असुरक्षा और भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने भी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए जाने पर जोर दिया। पत्रकार वार्ता में नईम कुरैशी, फुरकान अली, विकास चंद्रा, अरशद, कैलाश प्रधान सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



