जिला कारागार रोशनाबाद में गूंजा गंगा महिमा का संदेश, संगीतमय गंगा कथा का आयोजन

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के संयोजन में जिला कारागार रोशनाबाद में आयोजित संगीतमय गंगा कथा में कथाव्यास पंडित संजय कृष्ण ने गंगा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गंगा कोई सामान्य नदी नहीं, बल्कि हमारी मां हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपनी जन्मदात्री मां की सुरक्षा, पवित्रता और सम्मान का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार गंगा स्नान के दौरान मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे ऐसी भक्ति करें, जिसमें गंगा में केवल मां के स्वरूप का ही दर्शन हो। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि जिला कारागार में गंगा कथा आयोजित करने का उद्देश्य बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा उन्हें धर्म, संस्कार और आध्यात्मिकता से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मां गंगा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा।

कार्यक्रम के दौरान आचार्य विष्णु शास्त्री एवं पंडित कृष्ण शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन संपन्न कराया। कथा में स्वामी रूद्रानंद सरस्वती, रोहित गिरि, बृजमोहन शर्मा, कुलदीप शर्मा, विकास नौटियाल, सिद्धार्थ भट्ट, शुभम शर्मा, विकास बहुगुणा, संदीप कुमार, चमन कुमार, मनोज कुमार, अमित शर्मा, अरुण कुमार, यजमान जलज कौशिक, सत्यम शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं उपस्थित जनों ने सहभागिता कर गंगा कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया।



