उत्तराखंड

09 से 17 अगस्त तक पूरे हरिद्वार में उत्साह से मनाया जाएगा ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में सभी विभागों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा साइकिल एवं ई-बाइक रैली, तिरंगा सेल्फी बूथ, शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी भवनों, पुलों, प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा-थीम आधारित आकर्षक रोशनी एवं सजावट की जाए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तिरंगा-थीम की रंगोली बनाकर अभियान को जनोत्सव का स्वरूप दिया जाए।

जिलाधिकारी ने विद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में तिरंगे पर आधारित कला गतिविधियां, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंगों और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, खंड विकास अधिकारियों एवं सभी विभागों को निर्देशित किया कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर डिजिटल अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा अभियान की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button