बीएचईएल जंगल में घायल मिली नाबालिग, दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने दबोचा

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग बालिका को कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बालिका के साथ मारपीट कर उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़ने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल के समीप जंगल-झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल हालत में मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बालिका को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। बालिका के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि 3 अगस्त को शेखर नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।

आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया तथा मारपीट करने के बाद जान से मारने की नीयत से उसे बीएचईएल के जंगल में छोड़ दिया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस टीम ने आरोपी शेखर उर्फ सनोज को पुराना पथरी पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल, ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, बिजनौर का निवासी है और वर्तमान में ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, हरिद्वार में रह रहा था। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।



