कांवड़ियों को निःशुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहा जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन द्वारा कांवड़ मेले के दौरान 1 अगस्त से नगला इमरती हाईवे रुड़की पर कांवड़ियों को निःशुल्क एंबलेंस सेवा और प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान चोट लगने, पैरों में छाले, कटने या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार के उपरांत रुड़की सिविल अस्पताल रेफर किया जा रहा है। इस सेवा कार्य में फार्मासिस्ट भूदेव सिंह तथा सहायक शुभम कुमार एवं अरविंद कुमार महत्वपूर्ण योगदान कर रहे हैं। टीम द्वारा दिन रात कांवड़ियों की सेवा करते हुए जरूरतमंद श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन द्वारा पिछले 5 वर्षों से कांवड़ मेले के दौरान लगातार स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।



